बाजपुर। लेवड़ा नदी में आई बाढ़ से नगर के इंदिरा कॉलोनी, मेहता कॉलोनी, राजीव नगर, खमरिया, यादव कॉलोनी, चकरपुर और झारखंडी क्षेत्र के 300 से अधिक घर प्रभावित हुए हैं। कई घरों में पानी के साथ पीली मिट्टी और कीड़े घुस आए जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई।
लगातार हो रही बारिश के कारण रविवार को लेवड़ा नदी उफान पर आ गई थी और पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया। कई परिवारों के कपड़े, बिस्तर और खाने-पीने का सामान खराब हो गया था। सोमवार को लोग अपने सामान को घरों से बाहर निकालकर सुखाते नजर आए। रविवार रात बाढ़ के डर से लोग दहशत में रहे और रातभर जागते रहे।
एसडीएम ऋचा सिंह के निर्देश पर तहसीलदार पीएस चौहान ने राजस्व टीम गठित कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया। तहसीलदार के अनुसार, करीब 130 परिवार अत्यधिक प्रभावित हुए हैं जिन्हें सूचीबद्ध किया गया है। प्रशासन की ओर से रविवार शाम और सोमवार को प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल और अन्य राहत सामग्री वितरित की गई। अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी सर्वे कराया जा रहा है। इंदिरा कॉलोनी निवासी अधिवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि घरों में बाढ़ का पानी घुसने से लोगों का काफी नुकसान हुआ है।
हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर दूसरे दिन रहा जलभराव
लेवड़ा नदी का जलस्तर सोमवार को कम हो गया लेकिन हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर पानी एकत्र होने वाहन चालकों को दिक्कतें हुईं। सोमवार को लोनिवि, सिंचाई विभाग ने बाढ़ राहत कार्य में जुटे रहे। एसडीएम ऋचा सिंह ने बाढ़ क्षेत्र के इलाकों पर निगरानी रही। बारिश के मौसम में बाढ़ चौकियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य टीम ने बांटी दवाएं
लेवड़ा नदी की बाढ़ से प्रभावित इंदिरा कॉलोनी, राजीवनगर, मेहता कॉलोनी सहित अन्य बस्तियों में स्वास्थ्य विभाग टीम ने सर्वे किया। सीएमएस डाॅ. विनय कुमार यादव ने बताया कि आशा कार्यकर्ता और एएनएम को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में भेजकर बुखार सहित अन्य रोग संबंधित दवाइयां वितरित कराई गई हैं।