सितारगंज। केंद्रीय कारागार से फरार कैदी की तलाश में दूसरे दिन भी पुलिस की कांबिंग जारी रही। एसपी सिटी ने कैदी को पकड़ने के लिए पांच टीम गठित की हैं। ये टीम उत्तराखंड के साथ ही पंजाब और राजस्थान प्रांत में दबिश दे रही हैं। सर्विलांस और सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा एक टीम ने कलकत्ता चौकी के आसपास और जंगल के इलाकों में कांबिंग की लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
बृहस्पतिवार को केंद्रीय कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी जरनैल सिंह धान के खेत से शौच के बहाने फरार हो गया था। इससे जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। जेल अधीक्षक अनुराग मलिक और सीओ ओमप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में जेल के सुरक्षा कर्मियों और पुलिस की टीम तलाश में जुटी रहीं लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
सीओ ने बताया कि एसपी सिटी मनोज कत्याल के नेतृत्व में पुलिस की पांच टीम गठित की गई हैं। इनमें दो टीम कैदी की तलाश में उत्तराखंड के साथ ही पंजाब और राजस्थान में दबिश देने के लिए रवाना हुई हैं। बताया कि बाराकोली रेंज, रंसाली रेंज, किशनपुर रेंज के जंगल क्षेत्र के साथ ही कलकत्ता पुलिस चौकी क्षेत्र में कांबिंग की गई। दो टीम सर्विलांस और सीसीटीवी को खंगालने में जुटी हैं। इसके अलावा सीमा क्षेत्रों पर सघन चेकिंग भी जारी है। बिचई गांव में भी पुलिस ने दबिश देकर वहां के लोगों से जानकारी ली लेकिन अभी तक कैदी का कहीं कोई पता नहीं चल सका है।
रोडवेज बस अड्डों, थाना, चौकियों व रेलवे स्टेशन पर चस्पा किए पोस्टर
सितारगंज। केंद्रीय कारागार से फरार कैदी की तलाश के लिए पुलिस ने पोस्टर और पंफलेट जारी किए हैं। एसएसआई हरविंद्र कुमार ने बताया कि रोडवेज बस अड्डों, थाना चौकियों व रेलवे स्टेशनों पर फरार कैदी के पोस्टर चस्पा किए गए हैं। इसके अलावा जिले की सीमा से सटे यूपी के थानों में भी संपर्क किया जा रहा है।