काशीपुर। पिछले सप्ताह से अधिक समय से लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं। सुबह सात बजे के बाद से गर्मी का एहसास हो रहा है जो दिन चढ़ने के साथ बढ़ती जा रही है। गर्म हवाएं चलने से लोगों का घरों से निकला मुश्किल हो गया। डॉक्टर के मुताबिक ऐसे में स्वास्थ्य को ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
भीषण गर्मी और गर्म हवाएं चलने से कई बीमारियां होने की आशंका है। ऐसे में डायरिया, उल्टी, वायरल बुखार, लू, आंखों में चुभन से बच्चे और बुजुर्ग परेशान हैं। अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या बढ़ गई है। एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय के डॉ. हरीश पंत बताते हैं भीषण गर्मी में लोग गर्मी से होने वाली बीमारियों से खुद को बचा कर अस्पताल आने से बच सकते हैं क्योंकि जरा सी लापरवाही कई बार स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। उन्होंने बताया कि करीब तीन-चार दिन से ओपीडी में उल्टी, वायरल बुखार, सिर दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ी है। ऐसे लक्षण वाले करीब 80-90 लोग रोजाना आ रहे हैं।
लक्षण
वायरल : हाथ-पैर, सिर, गले और कानों में दर्द होना इसके लक्षण हैं।
डायरिया : पेट के निचले हिस्से में दर्द, मरोड़ के साथ उल्टी आना, कमजोरी होना।
आंखों में इन्फेक्शन : आंखें लाल हो जाती हैं। उनमें जलन, चुभन होने लगती है।
हीट स्ट्रोक : सिर दर्द, उल्टी, चक्कर आना, दिल की धड़कनों का तेज होना, बुखार आना।
बचाव
- नींबू या नारियल पानी पीएं। मसालेदार भोजन के सेवन से बचें।
- आंखों को बार-बार न छुएं, आंखों से पानी निकलने पर साफ रुमाल का प्रयोग करें।
- तरल पदार्थ का खूब सेवन करें। हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें। सुबह 11 से तीन बजे तक की धूप नुकसानदायक है।
- आसपास पानी जमा न होने दें। फुल स्लीब्स के शर्ट और पेंट पहनें। सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थ से परहेज करें।