रुद्रपुर में फर्नीचर की दुकान के बाहर पड़े ईंटों के टुकड़े।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। तमंचे के बल पर दबंगों ने आदर्श कॉलोनी स्थित एक फर्नीचर की दुकान में तोड़फोड़ और पथराव कर दिया। दिनदहाड़े हुए बवाल से आसपास के दुकानदारों के साथ ही दुकान की ऊपरी मंजिल में रह रहे परिजनों में भी दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आदर्श कॉलोनी में कमर खान की केके फर्नीचर वर्क के नाम से दुकान है। कमर ने बताया उसका बेटा अनस दो माह पहले एक युवक की कार लेकर बिलासपुर गया था। इस बीच कार क्षतिग्रस्त हो गई थी। 29 हजार रुपये से कार की मरम्मत करवाकर उसे कार मालिक को सौंप दिया गया था। आरोप है कि कार मालिक इसके बाद भी कार में दिक्कत आने की बात कहकर लगातार दबाव बना रहा है। इसी रंजिश में रविवार को कार स्वामी 25-30 दबंगों के साथ कमर की दुकान में घुस आया। इस दौरान उनके भाई जफर खान दुकान पर थे। दबंगों ने गालीगलौज कर दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और पथराव भी किया। बाजार पुलिस चौकी इंचार्ज प्रदीप पंत ने बताया कि सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। मामले की जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
दूसरी मंजिल में पहुंचकर परिजनों को धमकाया
रुद्रपुर। दबंगों ने दुकान में तोड़फोड़ के बाद भवन की दूसरी मंजिल में मौजूद परिजनों को धमकाया। यहां पर महिलाएं और बच्चे थे। दुकान स्वामी कमर खान की पत्नी राबिया खान और उनकी मां समीम बेगम ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के पहुंचने तक खुद को कमरे में किया बंद
रुद्रपुर। परिजनों ने बताया कि 25 से 30 दबंग दोपहर करीब ढाई बजे दुकान पर पहुंच गए थे। इसके बाद पथराव और तोड़फोड़ की। इसके बाद ये लोग ऊपर आए और धमकाया। इनके जाने के बाद परिजनों ने दहशत में खुद को कमरों के अंदर कैद कर लिया। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद ही परिजन बाहर आए।
रुद्रपुर में फर्नीचर की दुकान के बाहर तोड़फोड़ के बाद लगी भीड़।- फोटो : RUDRAPUR