रंपुरा के एक निजी स्कूल में भाजपा के बूथ अध्यक्ष शिवकरण कोली की भतीजी को पीटने का मामला सामने आया है। इस मामले में परिजन तीन दिन से चौकी के चक्कर काट रहे हैं लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे गुस्साए विधायक खुद पुलिस चौकी पहुंच गए और पुलिस को रवैया सुधारने की नसीहत दे डाली। उनका कहना है कि उनकी सरकार में मनमानी नहीं चलेगी।
वार्ड नंबर 24 निवासी राहुल ने पुलिस को बताया था कि उनकी बेटी क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा चौथी की छात्रा है। स्कूल की एक शिक्षिका ने उसे न केवल बेरहमी से पीटा बल्कि स्कूल में शाम चार बजे तक बैठाकर रखा। कान पर थप्पड़ जड़ने से बच्ची को कम सुनाई दे रहा है। वह शिकायत लेकर रंपुरा चौकी गई मगर कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को घटना से गुस्साए विधायक शिव अरोरा चौकी पहुंचे। चौकी इंचार्ज के नहीं मिलने पर उन्होंने फोन पर बात की और पुलिस का रवैया सुधारने को कहा।
उनका कहना था कि स्कूल में बच्चों को सुधारने के लिए मारा जाता है लेकिन ऐसा नहीं होता कि बेरहमी से पीट दिया जाए। मारपीट करने के बाद स्कूल प्रबंधन को धमका रहा है। पुलिस को अब तक कार्रवाई कर देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्कूलों को चलने नहीं दिया जाएगा। इस संबंध में उनकी सीईओ से भी वार्ता हुई है। उन्होंने पुलिस को मामले में शीघ्र केस दर्ज करने को कहा।