रुद्रपुर/लालपुर। जनता की सहूलियत के लिए एनएच-74 में कट खुलवाने के लिए कई बार मांग किए जाने के बाद भी कट नहीं खोले जाने से किच्छा विधायक राजेश शुक्ला की शनिवार को नाराजगी देखने को मिली। विधायक समर्थकों के साथ लालपुर में धरने पर बैठ गए। एनएचएआई अधिकारी और एसडीएम ने आननफानन में तीन जगहों पर कट खुलवाया। तब कहीं जाकर विधायक करीब ढाई घंटे बाद धरने से उठे।
एनएच पर लालपुर, पनचक्की फार्म और भमरौला के सामने कट खोलने की मांग जनता और विधायक की ओर से काफी समय से उठाई जा रही थी। तीन मई को कलक्ट्रेट में दिशा की बैठक में सांसद भगत सिंह कोश्यारी के समक्ष भी यह मुद्दा उठा था। डीएम ने तीन दिन में कट खोलने का आश्वासन दिया था। अब तक कट नहीं खोले जाने से नाराज विधायक राजेश शुक्ला शनिवार को समर्थकों के साथ लालपुर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के अधिकारी सांसद, विधायक और डीएम की बात को नजरअंदाज कर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। विधायक ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो जनहित में वह अपनी सरकार से भी लड़ने को तैयार हैं। एनएचएआई के प्रबंधक तकनीकी अनुज कुमार और एसडीएम नरेश दुर्गापाल ने विधायक को मनाने की कोशिश की। इसके बाद जब लालपुर में खमरिया मोड़ के सामने, भमरौला में रामनगर के पास और देवरिया में नालंदा और पनचक्की फार्म के बीच में जेसीबी से कट खोला गया। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष सैय्यद इफ्तिखार हुसैन, विपिन जल्होत्रा, अक्षय अरोरा, मीना गुसाई, सुधा जोशी, रोहित कालड़ा, राजकुमार गगनेजा, गुरचरन सिंह कामरा, अबरार अहमद, बिट्टू हुड़िया, पप्पू रंधावा, अमर खां आदि थे।
इनसेट