रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा के बीच चल रहे विवाद के बीच विधायक बेहड़ की एंट्री हो गई है। रविवार को मीडिया से बचते हुए बेहड़ ने मीना शर्मा और उनके पति अनिल शर्मा से घर पहुंचकर मुलाकात की। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर दोपहर बाद वायरल हो गई। चर्चा है कि दोनों के बीच विवाद के सिलसिले में मुलाकात हुई।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल कांग्रेस में शामिल होकर 2027 में चुनाव लड़ने का मन बना चुके हैं। वह दो बार भाजपा से विधायक रहे चुके हैं। 2022 में भाजपा से टिकट काटने पर निर्दलीय लड़े और 17000 वोट पर संतोष करना पड़ा था। अब तराई में ठुकराल के किसी भी समय कांग्रेस का हाथ थामने और चुनाव लड़ने की चर्चाएं तेज हैं।
इधर, कांग्रेस में एंट्री से पहले मीना शर्मा ने पुराना ऑडियो वायरल प्रकरण को लेकर ठुकराल की राजनीतिक घेराबंदी शुरू कर दी। मुकदमा दर्ज करने से लेकर कोतवाली में धरना और फिर दिल्ली में बड़े नेताओं से मुलाकात हो गई। इन सबके बीच ठुकराल की मां तबीयत बिगड़ी। अस्पताल पहुंची तो बेहड़ भी अस्पताल जाकर हालचाल पूछ आए।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी घर पहुंचकर बंद कमरे में ठुकराल से बात की। मुलाकात के बाद यशपाल ने इसे राजनीति से अलग हटकर बताया, लेकिन इसे कांग्रेस में आने से जोड़ा गया। चर्चा है कि रविवार को किच्छा विधायक मीना और ठुकराल के बीच राजनीतिक खाई को पाटने गए लेकिन बात कुछ खास बात नहीं बन सकी।