काशीपुर। गढ़ीनेगी से लापता छात्र का 40 दिन बाद भी पता नहीं लगने पर ग्रामीणों ने जसपुर विधायक के नेतृत्व में कुंडा थाना प्रभारी का घेराव किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 12 अगस्त तक बच्चे को सकुशल बरामद नहीं किया तो वह थाने में धरना प्रदर्शन करेंगे। उधर, डीआईजी के निर्देश पर छात्र की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया है।
प्रेमनगर कॉलोनी निवासी महेंद्र का आठ वर्षीय पुत्र आयुष बीती 24 जून को अपराह्न 3:30 बजे अचानक गायब हो गया, जिसकी गुमशुदगी पिता ने दर्ज कराई थी। वह पब्लिक स्कूल में कक्षा एक का छात्र है। 29 जून और 15 जुलाई को ग्रामीणों ने जसपुर विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में कुंडा थाना और बाद में एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र का घेराव किया।
रविवार को जसपुर विधायक चौहान के नेतृत्व में गढ़ीनेगी, कुंडा, भरतपुर, करनपुर के ग्रामीणों ने थाना प्रभारी राजेश यादव का घेराव किया। विधायक ने पुलिस उपमहानिरीक्षक जेआर जोशी और सीएम के निजी सचिव से भी बात की। थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि एक विशेष टीम गठित कर बालक की खोज में लगाया है। साथ ही अखबारों में इश्तेहार दिए जा रहे हैं।
प्रदर्शन में रवि डोगरा, मो. हनीफ, धर्मेंद्र कुमार, शेर अली, कमल कुमार, संजीव कुमार, मंजीत सिंह, सुभाष शर्मा, घनश्याम, मुखराम, मो. रफीक, ममता, सावित्री, उर्मिला, अनारकली, संतोष, रूबी आदि थे।
सीएम से की बच्चे की बरामदगी की मांग
जसपुर। संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए मासूम आयुष की सकुशल बरामदगी के लिए रविवार को भाजपा के पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल के साथ ग्रामीण देहरादून में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिले। सीएम ने पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी को तत्काल बच्चे की बरामदगी के आदेश दिए। सीएम से मिलने वालों में महेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह, विजय मक्कड़, नरेश लोहिया, रामचंद्र सिंह, धीरज सिंह, धर्मेंद्र, चंद्रपाल सिंह, अनिल नागर आदि रहे। ब्यूरो