दिल्ली से शादी में शामिल होने आया युवक बदमाशों की गोली का निशाना बन गया। आरोप है कि रंजिश में कुछ युवक घर में घुसे और परिजनों पर हमलाकर कई राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक युवक छर्रे लगने से घायल हो गया। सीओ का कहना है कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कोतवाली ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में उस समय खलबली मच गई जब दिनदहाड़े एक घर में घुसकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार वार्ड सात आजाद नगर ट्रांजिट कैंप निवासी राजेश कुमार दिल्ली की एक मोबाइल शॉप पर काम करता है। दो दिन पहले ही राजेश रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए घर आया था।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे राजेश अपने छोटे भाई और परिवार के साथ घर पर था जबकि बड़ा भाई अजय कुमार बाहर गया था। इसी बीच एक युवक 10 से ज्यादा युवकों के साथ धारदार हथियार, लाठी-डंडे और तमंचे से लैस होकर आया और राजेश के परिजनों के साथ गाली-गलौज करने लगा।
जब राजेश ने विरोध किया तो बदमाशों ने परिजनों पर हमला कर कई राउंड फायरिंग कर दी। इसी बीच छर्रे लगने से राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा होने पर पड़ोस के लोग आए तो हमलावर भाग गए। पड़ोसियों की मदद से घायल राजेश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। राजेश के शरीर में 10 से 11 छर्रे लगे हैं। सूचना पर ट्रांजिट कैंप कोतवाल मोहन पांडे पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी जुटाई।
दो दिन पहले छोटे भाई का हुआ था विवाद
क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
कोतवाल मोहन पांडे ने बताया कि हमलावर घटना के बाद से फरार हैं जिनकी पहचान करने और पकड़ने के लिए घटनास्थल से लेकर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। युवकों के क्षेत्र से बाहर भागने की आशंका जताई जा रही है।
कहां से आए बदमाशों के पास तमंचे?
घायल का इलाज चल रहा है। हमलावरों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - प्रशांत कुमार, सीओ, रुद्रपुर