काशीपुर। एक सप्ताह पूर्व पटेलनगर (देहरादून) से लापता हुआ छात्र श्यामपुरम कॉलोनी में अपने एक मित्र के घर पर मिला। देहरादून पुलिस को लेकर आईटीआई थाने पहुंचे छात्र के परिजन उसे अपने साथ ले गए हैं। बताया जा रहा है कि छात्र को डांस का शौक था लेकिन उसके घरवाले इसे पसंद नहीं करते थे। तभी वह घर से भाग गया।
पटेलनगर (देहरादून) के एक व्यक्ति का बेटा वहां के एक निजी स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र है। एक सप्ताह पहले वह अचानक घर से गायब हो गया। तब से उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी पटेलनगर थाने में दर्ज कराई थी। मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाने पर उसकी लोकेशन आईटीआई थाना क्षेत्र के श्यामपुरम मिली। पटेलनगर पुलिस की सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस श्यामपुरम पहुंचकर किशोर को बरामद कर लिया। उसने बताया कि उसे डांस करने और सिखाने का शौक है। लेकिन परिजन इसे पसंद नहीं करते हैं। इस शौक के कारण उसे घर पर अक्सर डांट पड़ती रहती है। जिस पर वह घर छोड़कर आ गया था। श्यामपुरम में वह अपने दोस्त के घर पर ही रह रहा था।