खटीमा। ऊधमसिंह नगर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ एक अप्रैल 2026 से दूध का मूल्य दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाने जा रहा है। इससे जिले के 9300 दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलेगा।
दुग्ध संघ के प्रधान प्रबंधक राजेश मेहता ने बताया कि वर्तमान में दुग्ध उत्पादकों को दूध का मूल्य 46 रुपये प्रति लीटर व चार रुपये बोनस के हिसाब से मिल रहा है। एक अप्रैल से दुग्ध उत्पादकों को दूध का मूल्य 48 रुपये प्रति लीटर व चार रुपये बोनस के साथ मिलेगा यानी बोनस के साथ दुग्ध उत्पादकों को दूध का मूल्य 52 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में ऊधमसिंह नगर जिले की 446 दुग्ध समितियों में 9300 सक्रिय सदस्य हैं जिन्हें दूध मूल्य वृद्धि का सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा दुग्ध समितियों के सक्रिय सदस्यों को एक लाख रुपये बीमा देने की भी तैयारी है। संवाद
रुद्रपुर में बनेगा कॉम्लेक्स
प्रधान प्रबंधक राजेश मेहता ने बताया कि रुद्रपुर स्थित दुग्ध अवशीतन केंद्र के पास कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जाएगा। कॉम्पलेक्स को बैंक आदि को किराये पर दिया जाएगा जिससे दुग्ध संघ की आय में वृद्धि होगी।