सितारगंज। महिलाओं ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पर ऋण की किस्तों का पैसा हड़पने का आरोप लगाया है। महिलाओं ने कोतवाल नरेश चौहान से फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पर केस दर्ज करने की मांग की है।
वार्ड नंबर आठ निवासी पार्वती ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी से एक लाख रुपये का ऋण लिया था। उसने पूरे ब्याज के साथ तय समय पर ऋण चुका दिया। फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ने पासबुक में ऋण की राशि को जमा किया था।
बताया कि बाद में फाइनेंस कंपनी के एक अन्य कर्मचारी ने उससे 45 हजार रुपये का बकाया बताते हुए ऋण चुकाने के लिए संपर्क किया तो वह हैरान रह गईं। बाद में पता चला कि फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने ऋण की किस्तें तो ले ली लेकिन उसे फाइनेंस कंपनी के पोर्टल पर नहीं चढ़ाया।
फाइनेंस कंपनी की एक अन्य ग्राहक मुन्नी देवी ने बताया कि उसने भी कंपनी से डेढ़ लाख रुपये का ऋण लिया था, जिसे उसने तय समय पर चुका दिया। बैंक ने उस पर भी 55 हजार रुपये का ऋण बाकी बताया है।
फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक विधुर व्यापारी ने बताया कि उन्होंने एक महीने पहले ही कार्यभार ग्रहण किया है। शुरुआती जांच में दो कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध लग रही है। हालांकि, कितने रुपये का गबन हुआ है। यह जांच के बाद ही पता चलेगा। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई कर संबंधित कर्मचारियों से रुपये की रिकवरी की जाएगी।