काशीपुर। उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने राजकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों की लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काशीपुर में श्रीमद्भगवत कथा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दस हजार रुपये मानदेय प्राप्त शिक्षकों की तदर्थ नियुक्ति करने या उनके मानदेय में राजकीय अतिथि शिक्षकों की भांति वृद्धि करने, प्रधानाचार्यों के डाउन ग्रेड पे के लिए पांच जनवरी 2022 के शासनादेश का अनुपालन और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने आदि की मांग की गई। वहां पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मिश्रा, जिला अध्यक्ष अजय शंकर कौशिक, जिला मंत्री मनोज कुमार शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता कौशलेश कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।