नानकमत्ता। गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब की प्रबंधक कमेटी के दोनों पक्षों में चल रहे विवाद को समाप्त कराने के लिए बुलाई गई बैठक बेनतीजा रही। अब पांच जुलाई को दोबारा बैठक होगी। विवाद समाप्त कराने के लिए भारतीय सिख संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जसवीर सिंह विर्क की अध्यक्षता में 20 सदस्यों की समिति का गठन किया गया है।
शनिवार को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यालय में कमेटी के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह की अध्यक्षता में दोनों पक्षों में चल रहे आपसी विवाद को समाप्त करने के लिए सिख संगत की बैठक हुई। दोनों पक्षों ने गुरुद्वारा और संगत के हित में विवाद समाप्त करने पर सहमति जताई।
विवाद समाप्त कराने के लिए भारतीय सिख संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जसवीर सिंह विर्क की अध्यक्षता में कांग्रेस किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाडी, कुलविंदर सिंह किंदा, किसान आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजपाल सिंह, लक्खा सिंह विथा, गुरदीप सिंह, निरंजन सिंह, सलविंदर सिंह कलसी आदि के साथ पूर्व में गठित 20 सदस्यों की समिति में से कुछ सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण गठित समिति की ओर से लिए गए निर्णय पर कोई फैसला न हो सका।
सर्वसम्मति से पांच जुलाई को सुबह 11 बजे गुरुद्वारा कार्यालय में दोबारा बैठक करने का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ी व्यवस्था की थी।सीओ खटीमा नीरज सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, प्रतापपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र पंत के साथ पुलिस बल तैनात रहा।
वहां गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह बोपाराए, सचिव हरभजन सिंह, सदस्य अमरजीत सिंह बेदी, गुरवंत सिंह, गुरदयाल सिंह, निर्मल सिंह हंसपाल, प्रतपाल सिंह ,प्रभ शरण सिंह,हर भाग सिंह, देवेंद्र सिंह, निर्मल सिंह आदि थे।