दवा नहीं मिलने पर आक्रोशित मरीजों ने जिला अस्पताल में काटा हंगामा, कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप
रुद्रपुर। जिला अस्पताल में शुक्रवार को काला पीलिया की दवा खत्म होने पर आक्रोशित मरीजों और उनके परिजनों ने हंगामा काटा। उन्होंने दवा भंडार गृह और काउंटर पर बैठे कुछ कर्मचारियों पर दवा की पर्चियां फेंकने और अभद्रता का आरोप लगाया। कुछ मरीजों ने कहा कि वह एक सप्ताह से दवा लेने आ रहे हैं, लेकिन दवा नहीं मिली रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारी दवा बाहर से खरीदने को कह रहे हैं। आक्रोशित लोगों सीएमओ से दवा उपलब्ध कराने की मांग की।
शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में ओपीडी शुरू होते ही रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज, बाजपुर, केलाखेड़ा, काशीपुर, जसपुर, बहेड़ी और बिलासपुर आदि क्षेत्रों से सैकड़ों मरीज काला पीलिया के इलाज और दवा लेने के लिए लाइन में लग गए। डॉक्टर को दिखाने के बाद जब वह दवा लेने के लिए काउंटर पर पहुंचे तो दवा नहीं मिली। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि दवा मांगने पर काउंटर पर बैठे कुछ कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता की और दवा लिखे पर्चे फेंक दिए। उन्होंने दवा भंडार गृह के कुछ कर्मचारियों पर भी अभद्रता का आरोप लगाया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा को शिकायत पत्र सौंपकर काला पीलिया की दवा उपलब्ध कराने और अभद्रता करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। बाद में सीएमओ के दवा उपलब्ध करवाने के आश्वासन पर लोग शांत हुए। वहां पर सरफराज अली, रिजवान हुसैन, मनदीप सिंह, शाहीन बेगम, परमजीत कौर, अकबर अली, अदनान, अनिल कुमार, नदीम, अदनान, सेवाराम, दलविंदर सिंह, राधेश्याम, जसविंदर कौर, सुशांत आदि थे।
मरीज बोले
मुझे करीब एक सप्ताह से दवा के लिए चक्कर कटवाया जा रहा है। काउंटर पर बैठे कर्मचारी बाहर से खरीदने के लिए कहते हैं। इससे गरीब मरीज परेशान हैं। - गुलफाम अली
जिले में काला पीलिया के मरीज बढ़ रहे हैं, लेकिन अस्पतालों में न दवा है, न इलाज की उचित व्यवस्था। जिला अस्पताल में एक सप्ताह से दवा नहीं मिल रही है। - भगवान दास
ओपीडी की लंबी लाइन में लगकर जांच करवाने के बाद जब लोग दवा लेने के लिए काउंटर पर पहुंच रहे हैं, तो उनसे दो टूक कहा जा रहा है कि दवा बाहर से खरीद लो। - बीना
काला पीलिया की दवा नहीं मिलने से मरीज सरकारी अस्पतालों से वापस लौट रहे हैं। जिला अस्पताल में काला पीलिया की दवाइयां नहीं होने से मरीज परेशान हैं। - बेअंत सिंह
काला पीलिया एक गंभीर बीमारी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग लापरवाह नजर आ रहा है। सरकारी अस्पतालों में दवा नहीं है, लेकिन मेडिकल स्टोर में दवा बिक रही है। - इरशाद
-
जिले में हेपेटाइटिस के 706 मरीज सक्रिय
रुद्रपुर। जिले में स्वास्थ्य विभाग के जुलाई तक के रिकॉर्ड के अनुसार जिले में हेपेटाइटिस के 706 मरीज सक्रिय हैं। इनमें हेपेटाइटिस-सी के 555 और हेपेटाइटिस-बी के 151 के मरीज हैं। लिवर से संबंधित इस गंभीर बीमारी के लिए जिला अस्पताल इंजेक्शन और दवाईयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध न होने के कारण लोग परेशान हैं। जबकि निजी अस्पतालों में इस बीमारी का इलाज और दवा बहुत महंगी हैं। संवाद
-
कोट-
कुछ समय से अस्पतालों में काला पीलिया की दवाएं कम मात्रा में उपलब्ध हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य महानिदेशालय को पत्र लिखा गया है। शीघ्र ही पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध होने की संभावना है। - डॉ. मनोज शर्मा, सीएमओ।