रुद्रपुर। साइबर अपराध के मामले थम नहीं रहे हैं। ठगों ने मेडिकल कर्मी का मोबाइल हैक कर खाते से 1.87 लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस, रुद्रपुर निवासी सोनू ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि वह डॉक्टर कॉलोनी में एक डायग्नोस्टिक सेंटर पर काम करता है। तीन जनवरी को जब वह ड्यूटी पर था तो ठगों ने उसका मोबाइल हैक कर दिया। दोपहर बाद 3.45 बजे दो अन्जान नंबर से फोन आया, लेकिन कॉल रिसीव करने पर कोई जवाब नहीं मिला। मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि फोन कॉल और मैसेज, वीडियो कॉल किसी दूसरे नंबर पर फारवर्ड कर दिए गए हैं। कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर रुपये कटने का मैसेज आया। ठगों ने अलग-अलग किस्तों में 1.87 लाख रुपये निकाल लिए। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी कर ली है। रुपये किन बैंक खातों में ट्रांसफर हुए उसकी जांच की जा रही है।