काशीपुर। पीरूमदारा से काशीपुर लौट रहे बाइक सवार मेडिकल स्टोर संचालक पर अचानक एक हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को आसपास के लोगों ने काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मोहल्ला कवि नगर निवासी गौरव सुधा रामनगर के पीरूमदारा में मेडिकल स्टोर का संचालन करता है। बीते रविवार को वह अपना मेडिकल स्टोर बंद करके बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रामनगर रोड स्थित हल्दुआ के पास जंगल से एक हाथी सड़क पर आ गया और उसने गौरव की बाइक पर हमला बोल दिया जिसमें गौरव सुधा बाइक समेत गिरकर घायल हो गया। इसके बाद हाथी वापस जंगल में चला गया। वहीं जैसे ही घटना की सूचना आसपास के लोगों को मिली तो उन्होंने उसे काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया बीते रविवार को हाथी के हमले में बाइक सवार युवक के घायल होने की जानकारी मिली है। उन्होंने लोगों की सुरक्षा को लेकर वन कर्मियों को गश्त करने क निर्देश दिए हैं। संवाद