रुद्रपुर। पंडित रामसुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने को लेकर चल रहे घमासान में उत्तराखंड स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन भी कूद पड़ा है। संगठन के बैनर तले सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने मौन रखकर एक घंटे का सत्याग्रह किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने की कोशिशों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान करार दिया है।
शनिवार को संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष जगत सिंह परिहार की अगुवाई में लोगों ने गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे बैठकर सत्याग्रह किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित राम सुमेर शुक्ल स्मृति मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने को लेकर चल रही घटिया राजनीति और बयानबाजी के खिलाफ सत्याग्रह किया गया है।
कहा कि किसी भी संस्था का नाम यदि किसी भी सेनानी/शहीद के नाम पर है तो उसे बदलने की बजाय किसी भी नई संस्था का नाम दूसरे सेनानी/शहीद के नाम पर रखा जा सकता है। मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने का प्रस्ताव राजनीति से प्रेरित है और स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अविनाश गुप्ता ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वर्ष 2015 में पंडित रामसुमेर शुक्ल जन शताब्दी समारोह में पहुंचकर मेडिकल कॉलेज का नाम पंडित रामसुमेर शुक्ल के नाम पर रखने की घोषणा की थी। लेकिन पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ ने इसे विधायक राजेश शुक्ला के साथ निजी सौदेबाजी करार देकर पूर्व सीएम हरीश रावत का भी अपमान किया है।
वहां जिलाध्यक्ष मनोहर चंद्र लोहनी, जितेंद्र तिवारी, रमेश चतुर्वेदी, संजीव पांडे, कृष्ण कान्हा तिवारी, दिग्विजय सिंह, दीपक मिश्रा, प्रताप सिंह, कृष्णकांत तिवारी आदि थे।
हमारा देश स्वतंत्रता सेनानियों का देश है। पहले सरकार उन्हीं के नाम पर अस्पताल या अन्य प्रचलित स्थान का नाम रखती थी। अब उनके नाम को हटाने की साजिश हो रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। - जगत सिंह परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तराधिकारी संगठन।
स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर राजनीति ना की जाए। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी पंडित राम सुमेर शुक्ल का नाम मेडिकल कॉलेज के नाम से नहीं हटाने का वादा किया है। उनका हम आभार व्यक्त करते हैं। - मनोहर लोहनी, जिलाध्यक्ष।
चुनाव आ रहे हैं, इसलिए इसे राजनीति का मुद्दा बनाया जा रहा है। यदि ऐसा ही रहा तो सत्याग्रह आंदोलन को उग्र किया जाएगा। गांधी वादी तरीके से आंदोलन को बढ़ावा देंगे। - प्रभुनाथ वर्मा।
सेनानियों का सम्मान होना जरूरी है, अस्पताल का नाम पंडित राम सुमेर शुक्ल के नाम पर ही रखा जाना चाहिए। इन मामलों में राजनीति करना गलत है। इससे स्वतंत्रता सेनानियों को ठोस पहुंचेगी। - भरत मिश्रा, सदस्य।
प्रभुनाथ वर्मा।- फोटो : RUDRAPUR
मनोहर लोहनी।- फोटो : RUDRAPUR
जगत सिंह परिहार।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर के गांधी पार्क में सत्याग्रह करते उत्तराधिकारी संगठन के लोग।- फोटो : RUDRAPUR