रुद्रपुर में महापौर विकास शर्मा ने ऊर्जा निगम और नगर निगम की टीम के साथ विभिन्न वार्डों में जर्जर विद्युत पोल, झूलते तारों और ट्रांसफार्मरों का मुआयना किया। उन्होंने टीम को झूलते तार और जर्जर पोल बदलने के निर्देश दिए। महापौर मुख्य बाजार, गल्ला मण्डी, ट्रांजिट कैंप, शिवनगर, जगतपुरा और आवास विकास क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने झूलते हुए तारों और क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को देख हैरानी जताई।
इस दौरान लोगों ने लो वोल्टेज, कटौती और झूलते तारों की समस्याएं रखी। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी अपर्याप्त पाई गई। महापौर ने ऐसे स्थानों पर ट्रांसफार्मर बदलने या उनका लोड बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड भी बिजली फॉल्ट और ट्रिपिंग की मुख्य वजह बनता है। उन्होंने लोगों से समस्याओं का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। कहा कि बरसात के मौसम में विद्युत दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। समय रहते यदि हम इन समस्याओं का समाधान कर लें, तो बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है।
उनका प्रयास है कि रुद्रपुर में बिजली व्यवस्था सुरक्षित और सुचारू बनी रहे। उन्होंने कहा कि नगर निगम और ऊर्जा निगम मिलकर मानसून से पहले सभी आवश्यक सुधार कार्य पूरे करेंगे, ताकि लोगों को असुविधा न हो। वहां पर नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, ऊर्जा निगम के एसडीओ पीसी शाह, पार्षद चिराग कालड़ा, पार्षद राजेंद्र राठौर, पूरन लाल, मदन लाल, गोविंद शर्मा आदि मौजूद रहे।