रुद्रपुर। सौभाग्य की कामना के साथ सुहागिनों ने शुक्रवार को करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा। महिलाओं ने सौलह श्रृंगार कर पति की दीर्घायु, स्वास्थ्य व अपने सौभाग्य के लिए निराहार रहकर चंद्रोदय की प्रतीक्षा की और उदय के बाद चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित किया। शुक्रवार को करवाचौथ पर महिलाओं ने माता पार्वती की पूजा आराधना कर अखण्ड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा। शाम को चांद के दीदार करने के बाद पति ने पानी पिलाकर सुहागिनों को व्रत संपन्न करवाया। शहर की करवाचौथ को लेकर महिलाओं में अलग खुशी दिखी। शहर के आदर्श कॉलोनी के वैष्णो मंदिर में पूजा हुई। इसके बाद महिलाओं ने कथा का रसपान किया। करवाचौथ पर शहर की दुकानें ग्राहकों से गुलजार रहीं। यहां दुकानों व शोरूम में महिलाओं की भीड़ गहने, सौंदर्य प्रसाधन, साड़ियां, हार, मंगलसूत्र, नथनी, बिछिया और पायल चूड़ी से लेकर सभी सजावट के सामान की खरीदारी करती दिखीं।
किच्छा के मंदिरों में उमड़ी भीड़
किच्छा। देर शाम नगर के विभिन्न मंदिरों में करवाचौथ पर पूजा करने वाली सुहागिनों की भीड़ लगी रही। नगर के श्रीराधा कृष्ण मंदिर, सांई मंदिर, श्रीकृष्ण बल्देव मंदिर, चक्रधारी मंदिर, हर श्रीनाथ मंदिर, दुर्गा मंदिर आदि स्थानों पर बड़ी संख्या में सुहागिनें हाथ में पूजा की थाली लेकर अपने सुहाग की दीर्घायु की कामना करती रही। यहां पर पूजा फुटेला, गीता बत्रा, सीमा खुराना, सुषमा, किरन, सोनिया, खुश्बू आदि उपस्थित रहीं।
काशीपुर में भी पर्व की धूम रही
काशीपुर। पति की दीर्घायु के लिए सुहागिन महिलाओं में करवा चौथ व्रत खास महत्व रहता है। महिलाओं ने सोलह शृंगार करके माता करवा की पूजा करने के साथ देर शाम चंद्रोदय के समय चंद्रमा को अर्घ्य के साथ पूजा कर व्रत का परायण किया। महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत धारण करके पति की लंबी आयु और परिवार की खुशहाली के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
अंखंड सौभाग्य के लिए रख व्रत
सितारगंज /दिनेशपुर। सितारगंज व दिनेशपुर में विवाहित और सौभाग्यवती महिलाओं ने शुक्रवार को अपने पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ करवाचौथ का व्रत रखा। शुक्रवार शाम को सुहागिनों ने चांद देख पति का दीदार किया और व्रत खोला। सितारगंज की पुरानी मंडी कॉलोनी, श्याम रतन वाटिका कॉलोनी, हाथीखाना मोहल्ला, रम्पुरा और मुख्य शहर के आसपास के ग्रामीण अंचलों में महिलाओं ने चांद का दीदार किया। महिलाओं ने अपने-अपने घरों की छतों पर पूजा-अर्चना की और पति की दीर्घायु की कामना की। वहां वैभव गुप्ता, ज्योत्सना गुप्ता, ममता गोयल, योगेश गोयल, नरेश कंसल, सरोज कंसल, मनीष मित्तल, कोमल मित्तल, संदीप गुप्ता, ज्योति गुप्ता, महेश मित्तल, संगीता मित्तल, रिंकू ग्रोवर, रिंकी ग्रोवर सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रही।