बाजपुर में मोहल्ला भौना इस्लामनगर में बुधवार को एक विवाहिता संदिग्ध हालात में पंखे से लटकी मिली। महिला को नीचे उतारकर उसका पति सरकारी अस्पताल ले गया जहां डाक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस और फारेंसिंक टीम ने घटनास्थल की जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार दोपहर नगर के मोहल्ला भौना इस्लामनगर निवासी राजन की पत्नी रूशा देवी (26) घर पर अपने एक वर्षीय बेटे के साथ थीं जबकि राजन मजदूरी करने गया था। सास राजवती भी काम पर गई थी। इसी दौरान रूशा कमरे का दरवाजा बंद कर पंखे से दुपट्टे के सहारे लटक गई। बताया जा रहा है कि रूशा ने आत्महत्या से पहले राजन को फोन किया था जिस पर राजन घर पहुंचा था। कमरे में पत्नी को पंखे पर लटका देख उसके होश उड़ गए। राजन ने दुपट्टा काटकर विवाहिता को नीचे उतारा। आनन फानन में उसे उप जिला चिकित्सालय ले गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीओ अखिलेश कुमार, एसआई प्रहलाद सिंह, एसआई देवेंद्र मनराल वहां पहुंचे।
सीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। लोगों ने बताया कि रूशा और राजन की दो साल पहले शादी हुई थी। उनका एक साल का बेटा है। रूशा का मायका प्रयागराज में है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।