संदिग्ध अवस्था में एक विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने पति सहित ससुरालियों पर दहेज नहीं देने पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस ने तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
शनिवार दोपहर को दुर्गापुर दो निवासी दीपचंद मंडल की 22 वर्षीय पत्नी स्नोलता का शव घर में कमरे के दरवाजे की चौखट पर लटका मिला। ससुराली पक्ष का कहना था कि शनिवार को घर में कोई मौजूद नहीं था। इस बीच स्नोलता ने घर के मेन गेट का दरवाजा भीतर से बंद कर दिया और चुन्नी से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। देवर सुदर्शन ने दीवार फांदकर अंदर से दरवाजा खोला और स्नोलता को फंदे से उतारा। सूचना पर एसआई बीसी आर्या पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बाद में तहसीलदार खीम सिंह बिष्ट की मौजूदगी में पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मृतका के पिता वार्ड एक सुंदरपुर निवासी हरिदास ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि स्नोलता के पति दीपचंद, देवर सुदर्शन, सास अनिता व ससुर बादल मंडल पर शादी के बाद से ही दहेज के लिये उसकी बेटी को प्रताड़ित करने और मांग पूरी नहीं कर पाने पर उसकी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर आत्महत्या का रूप दे दिया। थानाध्यक्ष हिमांशु पंत ने बता या कि सुसराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामला संदिग्ध है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविकता का पता चलेगा।