काशीपुर। गणेश चतुर्थी के नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। जगह-जगह भगवान गणेश की आकर्षक मूर्तियों की दुकानें सज गई हैं। लोग एक फीट से लेकर सात फीट तक की मूर्तियां खरीद रहे हैं। पूजा पंडालों के लिए मूर्तियों की बुकिंग के साथ ही सजावटी सामान की खरीदारी भी तेज हो गई है। इस बार कच्चा माल, रंग और ट्रांसपोर्ट का खर्चा बढ़ने से मूर्तियों के साथ-साथ सजावट पर होने वाला खर्च भी कई गुना बढ़ गया है। मोहल्ला कटोरा मालयान निवासी मूर्ति विक्रेता सनी कश्यप और भानु कश्यप ने बताया कि इस बार ग्राहकों में एक फीट से लेकर सात फीट तक की मूर्तियों की सबसे ज्यादा मांग है। बाजार में 500 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक की मूर्तियां उपलब्ध हैं। मेरठ, कोलकाता और आगरा से मूर्तियां मंगाई गई हैं और यहीं पर उनका श्रृंगार किया गया है। बताया कि वह वर्ष 2015 से गणेश प्रतिमा समेत अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों का कारोबार कर रहे हैं। शुरुआती वर्षों में गणेश चतुर्थी पर वह 50 से 60 मूर्तियों का ही श्रृंगार करते थे, लेकिन पिछले पांच वर्षों से गणेश जी की मूर्तियों की मांग लगातार बढ़ रही है। सनी ने बताया कि अब लोग साधारण मूर्तियों की जगह आकर्षक और बेहतर गुणवत्ता वाली सजावट वाली मूर्तियों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इन दिनों बुकिंग तेज हो गई है और उम्मीद है बिक्री पिछले साल से बेहतर होगी।