टैगोर ट्रॉफी फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में चकरपुर ने मनोज की हैट्रिक की बदौलत टनकपुर को 3-0 से परास्त कर खिताब पर कब्जा जमाया। मनोज टूर्नामेंट और मैच के श्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किए गए। मैच का शुभारंभ करते हुए पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने खेल मैदान को स्टेडियम में तब्दील करने का वादा किया।
टैगोर नगर में हुए फाइनल मुकाबले में चकरपुर के मनोज, कैलाश, सूरज, अमन और पुष्कर ने टनकपुर पर शुरू से ही दबाव बनाए रखा। मैच के 23वें मिनट में मनोज ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद टनकपुर के गोलू और कप्तान दीपक सेठी ने चकरपुर के गोल पोस्ट पर कई प्रहार किए, लेकिन गोलकीपर आकाश ने बेहतर बचाव कर टनकपुर के आक्रमण को विफल कर दिया।
दूसरे हाफ में मनोज ने लगातार दो गोल दाग कर अपनी हैट्रिक पूरी कर चकरपुर को 3-0 से जीत दिलाकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। आयोजन समिति ने विजेताओं को ट्रॉफी और नगद धनराशि प्रदान की। मैच में सुकांत ब्रह्म रैफरी, पंकज राय, जयंत मंडल और सव्यसाची हालदार कमेंटट्रेटर, दीपेन सेन स्कोरर, दीपांकर विश्वास और शुभम लाइंसमैन रहे। वहां सौरभ बहुगुणा, रैकिट बैंकाइजर के एचआर मैनेजर नितिन सोनी, किशोर राय, अशोक विश्वास, आनंद सरकार, उत्तम मल्लिक, अशोक मंडल, चंद्रकांत दास, आनंद बिष्ट आदि थे।