पुलिस ने 24 दिन बाद सुमित जैन के यहां पड़ी डकैती का खुलासा करते हुए छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। डकैती में तीन स्थानीय लोगों के साथ छैमार जनजाति गिरोह के सदस्य भी शामिल थे। दो बदमाश अभी भी फरार चल रहे हैं। यह प्रदेश की पहली ऐसी डकैती है जिसमें छैमार जनजाति गिरोह के सदस्य और स्थानीय बदमाश शामिल थे।
पुलिस ने डकैती के दौरान लूटा गया सामान बरामद किया है। डीआईजी ने टीम को पांच हजार और एसएसपी ने ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। 19 जून की देर रात मानपुर रोड स्थित मानव विहार कालोनी निवासी सुमित जैन के घर करीब छह डकैतों ने धावा बोलकर सुमित, उनकी माता सुधा जैन को पीटकर अधमरा कर दिया था।
डकैत जाते समय सुधा के कुंडल, कड़े, अंगूठी लूट कर ले गए थे। घटना के 24 दिन बाद शनिवार को एसएसपी ने डकैती की घटना का खुलासा किया। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि 14 जुलाई को मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि मानव विहार कॉलोनी में डकैती की घटना को अंजाम देने वाले डकैत ढेला पुल के पास एकत्र होकर डकैती की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुुलिस ने मौके से सलमान, कौकी मियां, शोएब निवासीगण भोजपुर पीपलसाना रेलवे स्टेशन के पीछे थाना भोजपुर जिला मुरादाबाद, अनिल ठाकुर निवासी पहाड़ी सभा के सामने मोहल्ला खालसा काशीपुर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि वहां मौजूद लल्ला और चौहान निवासी भोजपुर पीपलसाना रेलवे स्टेशन के पीछे थाना भोजपुर भागने में सफल रहे।
बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि विकास गुप्ता निवासी मोहल्ला कानूनगोयान काशीपुर, अरविंद अग्रवाल निवासी मोहल्ला लाहौरियान काशीपुर भी उनके साथ शामिल हैं। जिस पर पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए डकैतों की तलाशी लेने पर सलमान से एक तमंचा 315 बोर मय तीन जिंदा कारतूस, कौकी मियां से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस जबकि शोएब, अनिल ठाकुर के पास से एक-एक 12 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।
खुलासा करने वाली टीम में एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ राजेश भट्ट, कोतवाल चंचल शर्मा, एसएसआई वीरेंद्र रमोला, एसआई दिनेश फर्त्याल, जयपाल सिंह चौहान, जसविंदर सिंह, महेश जोशी, पीडी जोशी, दीपक शर्मा, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, देवेंद्र नेगी, सतीश भट्ट, राजू पुरी, अनुज त्यागी, प्रमोद जोशी, नंदन सिंह, सुरेंद्र सिंह, संदीप सिंह, शमीम अहमद, कपिल कुमार, एसओजी के कैलाश तोमक्याल, गिरीश कांडपाल, देवेंद्र सिंह शामिल थे।
स्थानीय बदमाशों ने बनाई डकैती की योजना
एसएसपी ने बताया कि डकैती को अंजाम देने के लिए स्थानीय बदमाशों ने योजना बनाई थी। जब पुलिस ने डकैतों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि विकास गुप्ता और अरविंद अग्रवाल रिश्तेदार है। विकास गुप्ता ने बताया कि एमसीएक्स शेयर बाजार में सुमित जैन ने करीब 11 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
अगर उसके घर में डकैती डाली जाए तो काफी माल मिल सकता है। इस पर विकास और अरविंद ने अनिल ठाकुर के साथ मिलकर सुमित जैन के घर पर डकैती डालने की योजना बनाई।
घर की रेकी स्थानीय बदमाशों ने की
एसएसपी ने बताया कि सुमित जैन के घर की रेकी स्थानीय बदमाशों ने की थी। जब पूरी घटना का प्लान तैयार हो गया तो अनिल ठाकुर ने अरविंद के साथ भोजपुर पीपलसाना रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले छैमार जनजाति के गिरोह के सदस्यों से जाकर मुलाकात की। साथ ही 19 जून की रात डकैती डालने की बात तय हुई।
19 जून की दोपहर तीन बजे सलमान, कौकी मिंया, शोएब, लल्ला और चौहान काशीपुर अनिल ठाकुर की दुकान पर पहुंचे। अरविंद ने सभी को सुमित जैन का घर दिखाया। जिसके बाद देर रात घटना को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं पूरी घटना को अंजाम देने के लिए अनिल ठाकुर ने तमंचों का इंतजाम किया।
तीन घरों में और डकैती की थी योजना
काशीपुर। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि सुमित जैन के बाद इन बदमाशों की काशीपुर में गिरीताल में पंकज गुप्ता, पक्काकोट निवासी राजू पंडित व काशीपुर के अन्य व्यापारियों और ग्राम कुदईया थाना कुंडा में रहने वाले सरदारों के झालों में डकैती डालने की योजना थी। जांच में यह भी सामने आया कि घुमंतू छैमार जनजाति के लोगों को पहली बार भाड़े में लेकर अपराध को अंजाम दिया गया है।
चार टीमों ने किया खुलासा
सीओ राजेश भट्ट के नेतृत्व में चार टीमों ने डकैती का खुलासा किया। एक टीम एसएचओ काशीपुर के नेतृत्व में पुराने लूट, डकैती के करीब 80 से अधिक अपराधियों से पूछताछ की। दूसरी टीम ने जनजाति गिरोह के सदस्यों जिसमें बावरियां, छैमार आदि की जानकारी जुटाई।
तीसरी टीम में शामिल एसओजी ने घटना स्थल के आसपास और शहर के बाहर जाने वाले महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी की फुटेज और डंप डेटा जुटाया। चौथी टीम ने सुमित जैन के प्रापर्टी कारोबार के काम और आपसी रंजिश की पड़ताल की। चारों टीमों की संयुक्त प्रयास से घटना का खुलासा हो सका।
यह माल हुआ बरामद
1. दो 315 बोर के तमंचे और पांच जिंदा कारतूस
2. दो 12 बोर के तमंचे और चार जिंदा कारतूस
3. घटना में लूटा गया नोकिया मोबाइल
4. घटना में लूटा गया पीली धातु के दो कड़े
5. लूटी गई पीली धातु की तीन अंगूठी
6. लूटी गई पीली धातु की चेन