रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह में एक युवक ने अपने दोस्त को पेट पर चाकू से वारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मूलरूप से डिबडिबा बिलासपुर और हाल में पोस्ट ऑफिस वाली गली ट्रांजिट कैंप निवासी सोनाली ने थाने में तहरीर दी। इसमें कहा कि तीन मार्च की रात उनका बेटा राजू श्मशान घाट मार्ग पर एक शादी समारोह में अपने दोस्त संजय सागर उर्फ बॉबी के साथ भोजन कर रहा था।
अचानक संजय ने खाने की थाली को फेंक दिया। वजह पूछने पर आरोपी ने उल्टा जवाब देते हुए राजू के पेट पर चाकू से दो बार वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजू का बरेली के राममूर्ति अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। संजय उर्फ बॉबी के खिलाफ केस दर्ज कर मंगलवार को एसएचओ मोहन चंद्र पांडेय की अगुवाई में टीम ने उसे लेक पैराडाइज झील के पास किच्छा बाइपास रोड से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद हुई। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।