काशीपुर। एक युवक ने शक करने पर अपनी प्रेमिका को पीट दिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। खड़कपुर देवीपुरा निवासी एक युवक पीएचडी कर रहा है। वह कोचिंग सेंटर भी चलाता है। पिछले छह वर्षों से उसका एक युवती के साथ प्रेम संबंध है। युवती बीएड कर चुकी है और सरकारी नौकरी के लिए चयन हो चुका है। कोचिंग चलाने वाले इस युवक के पास कई महिलाओं व युवतियों की कॉल्स आती रहती हैं। यह बात उसकी प्रेमिका को नागवार गुजरती है। इसी बात को लेकर कुछ माह पूर्व दोनों के बीच विवाद हो गया था। जिस पर युवक ने उससे रिश्ता तोड़ने की बात कह डाली। इस पर युवती ने पुलिस से शिकायत की। बाद में दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौते में आठ नवंबर को शादी करने की बात तय हुई। बावजूद इसके पराई युवतियों से बात करने को लेकर उनके बीच तनाव बना हुआ है। शनिवार को उक्त युवती अचानक अपने प्रेमी के कोचिंग सेंटर पहुंच गई। वहां वह एक छात्रा को पढ़ा रहा था। दोनों को एकांत में देख प्रेमिका बिफर पड़ी और छात्रा के साथ उलझते हुए हाथापाई पर उतारू हो गई। प्रेमी ने पहले तो बीच बचाव कराने का प्रयास किया लेकिन स्थिति काबू में नहीं आने पर उसने प्रेमिका की धुनाई लगा दी। पिटाई से उसकी एक आंख सूज गई और चेहरे पर चोट के निशान पड़ गए। युवती की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। युवक का कहना है कि प्रेमिका उस पर शक करती है। जिससे वह मानसिक तनाव में रहता है। इससे उसके व्यवसाय पर भी प्रभाव पड़ रहा है। सूचना पर युवक के रिश्तेदार भी कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने दोनों को समझा बुझाकर समझौता करा दिया।