फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: जिला अस्पताल में पुलिस की निगरानी से एक आरोपी फरार

Thu, 06 Jul 2023 10:40 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
दरोगा ने जान पर खेलकर दो बदमाश पकड़वाए, तीन पुलिसकर्मी उनको थाम नहीं पाए
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। महिला का पर्स छीनकर भाग रहे जिन बाइक सवार दो शातिर बदमाशों को पकड़ने लिए दरोगा ने जान की बाजी लगा दी थी, उनमें से एक बदमाश जिला अस्पताल में पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। घटना के बाद पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती दूसरे बदमाश को वहां से ले गई। एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर हेड कांस्टेबल सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। एसएसपी के अनुसार पुलिसकर्मी और फरार बदमाश के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। पिछले महीने भी काशीपुर में अल्मोड़ा पुलिस की चंगुल से एनडीपीएस का एक आरोपी फरार हो गया था।
मंगलवार रात मेट्रोपोलिस सिटी के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी सवार महिला का पर्स छीना और सिडकुल की ओर भाग गए। सूचना पर हरकत पर आई पुलिस ने सिडकुल चौक पर बाइक सवार बदमाशों को रोकने की कोशिश की लेकिन बदमाशों ने बाइक की गति तेज कर दी। इस दौरान दरोगा मोहन भट्ट ने हिम्मत दिखाकर रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन पर बाइक चढ़ा दी थी। हादसे में मोहन की दोनों टांगें टूट गईं। हादसे में बाइक सवार बदमाश अंशु रस्तोगी निवासी बदायूं और हाल निवासी ट्रांजिट कैंप और संजय उर्फ संजू निवासी मीरगंज बरेली हाल निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप भी चोटिल हो गए। दोनों बदमाशों को पुलिस की निगरानी में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार सुबह साढ़े सात बजे एक बदमाश संजय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को गच्चा देकर डेंगू वार्ड 13 से फरार हो गया। इससे पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन

इसकी जानकारी उच्चधिकारियों को दी गई लेकिन जब तक पुलिस हरकत में आती संजय फरार हो चुका था। घटना के बाद अफसरों ने चुप्पी साध ली। घटना के चार घंटे बाद पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती दूसरे आरोपी अंशु को लेकर चले गए। जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरके सिन्हा ने बताया कि अस्पताल में निगरानी से आरोपी के भागने के मामले में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मुहैया करा दिए हैं। सीओ सिटी अनुषा बडोला ने बताया कि दूसरे आरोपी अंशु को अदालत में पेश नहीं किया गया है।
-
रात में की गई थी सुरक्षा को लेकर ब्रीफिंग
रुद्रपुर। जिला अस्पताल में भर्ती आरोपियों की सुरक्षा को लेकर एसपी से लेकर एसएचओ ने बुधवार रात ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग की थी। उनको ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के लिए सचेत किया गया था। इसके बावजूद ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने इसे हल्के में लिया और नतीजे में एक आरोपी फरार हो गया। संवाद
-
बेड पर टंगी रह गई हथकड़ी, बदमाश नंगे पैर भागा
रुद्रपुर। जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती आरोपी भाग न पाएं, इसके लिए अलग-अलग हथकड़ी की व्यवस्था की गई थी। दोनों आरोपियों को अलग-अलग हथकड़ी पहनाकर चार पाई में हथकड़ी का दूसरा हिस्सा लॉक किया गया था। शातिर संजय ने हाथ को लॉक से निकाल दिया और हथकड़ी को बेड से लटकाकर छोड़ पुलिसकर्मियों की लापरवाही का फायदा उठाकर भाग निकला। संवाद
-
अस्पताल से भागते हुए संजय सीसीटीवी में कैद
रुद्रपुर। जिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने वार्ड 13 से संजय बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े सात बजे फरार हुआ था। वह अस्पताल की बिल्डिंग के पिछले हिस्से से उतरकर भागा लेकिन पुलिसकर्मी और अन्य लोग उसे पकड़ने के लिए मुख्य गेट की ओर भागे। सीसीटीवी में संजय बेहद तेजी से नंगे पैर अस्पताल से भागता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। संवाद
विज्ञापन


-
जिला अस्पताल में हेड कांस्टेबल हेम चंद्र और दो सिपाहियों कमल सिंह व गिरीश चंद्र की लापरवाही के चलते संजय फरार हुआ है। तीनों को निलंबित कर दिया गया है। फरार आरोपी और तीनों पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज किया जाएगा। रुद्रपुर सर्किल से थानों की पुलिस के साथ एसओजी फरार संजय की तलाश में जुटी हैं। सीमा से लगे जनपदों की पुलिस से भी इसमें सहयोग लिया जाएगा। इस मामले में सीओ सिटी को एक हफ्ते में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। - मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, ऊधमसिंहनगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें