पंतनगर/शांतिपुरी। रेलवे स्टेशन से सटे माल गोदाम के पास शनिवार शाम को रामनगर से बांद्रा जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम (टीडीसी) में कार्यरत एक श्रमिक की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे रेल विभाग एवं स्थानीय पुलिस ने शव को रुद्रपुर मोर्चरी भिजवाया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
नगला स्थित टीडीसी के बीज विधायन संयंत्र का श्रमिक इंद्रजीत (46) पुत्र राम रूप शनिवार को जवाहर नगर क्षेत्र में किसी कार्य से गया था। वापसी में रेलवे लाइन के किनारे आते समय वह पंतनगर रेलवे स्टेशन के माल गोदाम के पास रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में इंद्रजीत की मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और दो बेटियां हैं। इंद्रजीत की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक सितारगंज के लौका गांव का रहने वाला था और नगला स्थित टीडीसी कॉलोनी में सपरिवार रहता था।