बिजली के खंभों पर झूलते नंगे तार विवाह समारोह में आये बरेली के युवक के लिए काल बन गये। विवाह स्थल पर बने टीन शेड में बिजली का करंट फैलने से युवक उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रंपुरा स्थित चौरासी घंटा मंदिर के पास रहने वाले महीपाल कोहली के घर पर बुधवार को उसकी बेटी का विवाह समारोह था।
बरेली से पहुंची बारात में जोगीनबादा गुंसाई गोटिया थाना बारादरी बरेली निवासी 34 वर्षीय मुकेश गिरी पुत्र नंदराम भी शामिल था। बताया जा रहा है कि रात में विवाह समारोह संपन्न होने के बाद सभी लोग घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान रात करीब दो बजे तेज बारिश शुरू हुई और घूम रहे लोग बारिश से बचने को इधर उधर भागने लगे। मुकेश भी बारिश से बचने के लिए पास ही में बनी टीन शेड की दुकान की तरफ लपका इसी बीच उसका पैर फिसला और उसने नाले में गिरने से बचने के लिए टीन शेड में लगे लोहे के पोल का सहारा लिया।
वह करंट की चपेट में आ गया। मुकेश की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग इससे बचाते इससे पहले ही वह बुरी तरह झुलस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मुकेश अपने पीछे अपनी पत्नी संजू गिरी और चार बच्चों को छोड़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार टिन शेड के पास लगे बिजली के खंभे से एक नंगा झूलता हुआ टिन शेड पर गिरा जिससे करंट फैल गया। फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुकेश के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।