रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आराेपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि क्षेत्र निवासी महिला बीते बृहस्पतिवार की सुबह काम पर चली गई थी। उसका पति दिल्ली में काम करता है। घर पर खेलने के दौरान महिला के तीनों बच्चे पांच सौ मीटर दूर पहुंच गए थे। यहां से दो बच्चे वापस लौट आए लेकिन पांच साल की बच्ची वापस नहीं आई। इसी बीच उसे अकेला पाकर एक युवक किच्छा बाईपास रोड पर बगीचे में ले गया। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी भाग गया।
इस मामले में बच्ची की मां ने ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पर दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी थी। सीओ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश की गई।
शनिवार देर शाम खमरिया थाना बंडा, तहसील पुवायां जिला शाहजहांपुर, यूपी व हाल निवासी कृष्णा काॅलोनी ट्रांजिट कैंप राजीव कुशवाहा को किच्छा बाईपास रोड पर बीएचईएल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। ब्यूरो