रुद्रपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले जिले में योग संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। विकास भवन में शनिवार को स्टॉल लगाकर लोगों की निशुल्क जांच कर जागरूक किया गया। इसका शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार ने किया। जिला आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी डॉ. आलोक कुमार शुक्ल ने बताया कि यहां 82 लोगों की जांच, परामर्श कर निशुल्क दवाई वितरित की गई। 125 लोगों को योग प्रचार साहित्य वितरण किया गया। बताया कि जिले में अब तक 50 ग्राम स्तरीय योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा चुका है।
बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस थीम ’योगा फॉर वन अर्थ वन हेल्थ’ विषय पर विद्यालयों में चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें विजेताओं को प्रमाणपत्र दिए गए। विकास खंड काशीपुर में 123, सितारगंज में 120, जसपुर में 100, खटीमा में 45 और रुद्रपुर में 72 लाभार्थियों ने खंड स्तरीय कार्यक्रमों में लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर सीएचओ प्रभाकर सिंह, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आलोक कुमार शुक्ल मौजूद थे।