रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के लिए बड़ी खुशखबरी है। पंडित राम सुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर को केंद्र सरकार ने एमबीबीएस सीटों की स्थापना के लिए हरी झंडी दे दी है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय कुमार राहुल की ओर से जारी आदेश में कहा है कि कॉलेज की द्वितीय अपील पर विचार करते हुए केंद्र सरकार ने एनएमसी को शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए 100 सीटों के साथ नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की अनुमति देने के निर्देश दिए हैं। इससे पूर्व कॉलेज ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 100 सीटों के लिए आवेदन किया था। 12 जुलाई को एमएआरबी ने इसे अस्वीकार कर लिया था। 27 जुलाई को कॉलेज ने एनएमसी में प्रथम अपील की जिसे 19 अगस्त को एनएमसी ने खारिज कर दिया। इसके बाद कॉलेज ने 11 सितंबर को केंद्र सरकार में द्वितीय अपील दायर की। 25 सितंबर को टीईजी और सीओओ की संयुक्त बैठक में पाया गया कि कॉलेज में वर्तमान में 41 फैकल्टी उपलब्ध हैं और 17 और जल्द ज्वाइन करने वाले हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर, क्लीनिकल सुविधाएं और उपकरणों में भी पर्याप्त प्रगति हुई है। चूंकि यूजी काउंसलिंग एडवांस स्टेज में है इसलिए केंद्र ने अगले सत्र से कॉलेज शुरू करने की सिफारिश को मंजूरी दी है।
कोट:
रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में शैक्षिणिक सत्र 2027-28 से 100 एमबीबीएस सीटों के साथ संचालन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। केंद्र सरकार ने इस संबंध में एनएमसी को आवश्यक निर्देश दिए हैं। -पुष्कर सिंह धामी, सीएम।