नेपाल में संविधान के मसौदे के विरोध में संयुक्त लोकतांत्रिक मधेसी मोर्चा और थारू संघ द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का असर सीमा से लगे नेपाल के बाजार और गांवों के साथ ही भारतीय बाजारों पर भी साफ नजर आ रहा है। बंद के आह्वान के बाद से ही कंचनपुर जिले के बाबाथान, दोधारा, चांदनी आदि के बाजार प्रभावित हुए हैं। वहीं सीमा से लगे भारतीय बाजारों में भी रौनक गायब है और व्यापारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। मेलाघाट बाजार में भी लोगों की कम ही आवाजाही हो रही है। नेपाल में तेज होते आंदोलन को देखते हुए एसएसबी ने गश्त तेज कर दी है। जगह-जगह जवान तैनात किए गए हैं, जो हर आने-जाने वालों की गहन चेकिंग कर रहे हैं। मेलाघाट एसएसबी चौकी प्रभारी हरसुख चौहान ने बताया कि जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सीमा से लगे झनकईया थाने के थानाध्यक्ष दिनेश फर्त्याल ने बताया की सीमा क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी जा रही है।