एक साल पहले जिन पशुओं को लगाई गई थी वैक्सीन, अब उन्हें लगेगी दोबारा
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। जिले में दोबारा गोवंशीय पशुओं में लंपी स्किन डिजीज (एलएसडी) वायरस के टीकाकरण का अभियान चलाया जाएगा। कुमाऊं में यूएस नगर जिले में पहले से ही पशुपालन विभाग की सतर्कता के चलते गोवंशीय पशुओं में लंपी वायरस नहीं देखा गया था। पहाड़ों समेत अन्य जिलों में लंपी वायरस ने खूब कहर बरपाया। जिले में बीते साल ही एक लाख 40 हजार गोवंशीय पशुओं में लंपी वायरस का टीकाकरण कर दिया गया। अब इन टीकाकरण वाले पशुओं के एक साल पूरे होने के बाद विभाग की ओर से दोबारा टीकाकरण किया जाएगा।
विभाग ने शासन से सवा लाख गोटपोक्स वैक्सीन की मांग की है बाकी कुछ वैक्सीन विभाग के पास पहले से ही मौजूद है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एसबी पांडेय ने बताया कि जिले में लंपी वायरस के टीकाकरण का दूसरा अभियान जल्द शुरू होने वाला है। इसके लिए सभी पशु चिकित्सकों को निर्देश दे दिए गए हैं। बताया कि चार माह से ऊपर वाले गोवंशीय पशुओं को लंपी का टीकाकरण किया जाएगा। जिले में कुल एक लाख 80 हजार गोवंशीय पशुओं की संख्या है। इसमें से 40 हजार गोवंशीय पशु अभी चार माह के हैं।