औद्योगिक आस्थान सिडकुल बृहस्पतिवार रात अंधेरे में डूबा रहा। रात भर बत्ती गुल रहने से करीब 150 उद्योगों में उत्पादन ठप हो गया। इससे उद्योगों को लगभग 25 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है।
सिडकुल क्षेत्र नगर के 132 केवी विद्युत स्टेशन से जुड़ा है। बृहस्पतिवार रात अचानक सिडकुल में बत्ती गुल हो गई। इससे उद्योगों में कामकाज भी ठप हो गया। सुबह करीब छह बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। सितारगंज सिडकुल इंडस्ट्रीयल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया करीब 150 उद्योगों में बिजली आपूर्ति ठप होने से उत्पादन प्रभावित हुआ। इससे उद्योगों के लगभग 25 करोड़ से अधिक के उत्पादन को नुकसान पहुंचा।
उद्योगपति केके राय ने भी बिजली आपूर्ति ठप होने पर कमोवेश करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई। उद्योगपतियों ने बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से रखरखाव की बेहतर सुविधा करने की मांग की। इधर, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी विद्याभूषण जोशी ने बताया कि 132 केवी की लाइन में जंफर उड़ने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। इसकी मरम्मत करने के बाद सुबह छह बजे बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई।