जसपुर में बाइक सवार लुटेरे ने बैंक से 50,000 रुपये निकालकर ले जा रही भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोज पाल की माता से मारपीट कर 50,000 रुपये लूट लिए। ग्रामीणों ने पीछा कर लुटेरे को पकड़कर लूटे हुए रुपये बरामद कर पुलिस को सौंप दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर उसे भेज दिया। दिन दहाड़े हुई लूट की इस घटना से क्षेत्र में दहशत है। महुआडाबरा निवासी दिनेश सैनी ने कहा कि वह भाजपा नेता मनोज पाल के पेट्रोल पंप लीलावती फिलिंग स्टेशन पर कार्य करता है। सोमवार को लीलावती देवी सुभाष चौक के निकट इंडियन बैंक से 50,000 रुपये निकालकर उसकी स्कूटी पर पीछे बैठकर घर जा रही थीं।
बिना नंबर की बाइक से पीछा कर रहे लुटेरे ने महुआडाबरा नगर पंचायत के कब्रिस्तान के गेट के पास रुपये भरा पास छीन लिया। इससे अनियंत्रित होकर स्कूटी से वह गिर गई। उन दोनों के साथ लुटेरा मारपीट कर देवीपुरा रोड की ओर फरार हो गया। उसके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों ने लुटेरे का पीछा कर उसे आईटीआई कॉलेज के पास से दबोच लिया। लूटे हुए रुपये लुटेरे पास से बरामद कर लिए।
इस घटना में लीलावती देवी को गंभीर चोट आई। उन्हें डॉ. एमपी सिंह नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना देकर आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। कोतवाल पीएस दानू ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम हरिओम सिंह निवासी मोहल्ला नत्था सिंह बताया। आरोपी के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर जेल भेजा गया है। उसकी बाइक जब्त की गई है। दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना से ग्रामीण क्षेत्र में दहशत है।
महिला की हालत गंभीर
लूट की घटना में घायल लीलावती देवी 75 वर्ष को डॉ. एमपी सिंह नर्सिंग होम में भर्ती हैं। उन्हें आईसीयू वार्ड में रखा गया है। जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। उपचार कर रहे डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि उनके चेहरे पर काफी चोटें आईं हैं। ब्रेन हेमरेज हुआ है। इस कारण उनकी हालत स्थिर बनी है। उधर, उनका हाल जानने वालों का नर्सिंग होम में तांता लगा है।