रुद्रपुर। पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के रायपुर के खेत में धधक रही कच्ची शराब की भट्टी पकड़ी है। मौके से 65 लीटर कच्ची शराब, शराब बनाने के उपकरण और भारी मात्रा में बरामद लहन नष्ट किया। मौके पर मौजूद तस्कर पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपी की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, रविवार को उपनिरीक्षक दीपक बहुगुणा टीम के साथ क्षेत्र के गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि रायपुर में गुरुद्वारे के आगे कालीनगर-दिनेशपुर मार्ग पर खेत में अवैध शराब की कसीदगी हो रही है। टीम ने दबिश दी। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति नदी पार कर भाग गया।
पुलिस ने मौके से 40 लीटर शराब से भरी रबर ट्यूब, 50 भरे और 3 खाली पाउचों में 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की। साथ ही छह लोहे के ड्रम, पांच हांड़ी, छह रबर पाइप, दो प्लास्टिक बाल्टी समेत शराब बनाने के उपकरण कब्जे में लिए। आसपास गड्ढों में रखे 5000 लीटर लहन को भी नष्ट किया।
एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया कि खेत सतनाम सिंह निवासी रायपुर का बताया जा रहा है जबकि शराब बनाने वाले अभियुक्त की पहचान नहीं हो सकी है। मामले में आबकारी अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।