फेसबुक में चेटिंग से कलकत्ता निवासी एक विवाहिता को प्यार का ऐसा परवान चढ़ा कि वह घर छोड़कर प्रेमी संग भाग गई। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने विवाहिता को प्रेमी सहित बरामद कर लिया। कोलकाता पुलिस दोनों को लेकर रवाना हो गई है। बृहस्पतिवार को कोलकाता पुलिस ने रुद्रपुर पुलिस की मदद से रोडवेज बस अड्डे के पास दबिश देकर विवाहिता और उसके प्रेमी को बरामद किया।
एक विवाहिता (29) निवासी कोलकाता बीते 22 अक्तूबर को अपने प्रेमी विपिन सरकार निवासी स्वराज फार्म बिलासपुर के साथ भाग गई थी। मामले में परिजनों की तरफ से कोलकाता में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसके बाद से पुलिस दोनों को तलाश कर रही थी और सर्विलांस की मदद से दोनों पकड़ में आ गए।
विपिन ने बताया कि करीब दो साल से दोनों के बीच फेसबुक और मोबाइल में बातचीत चल रही थी। कोतवाल जेसी पाठक ने बताया कि विवाहिता को फेसबुक में चेटिंग के दौरान उससे प्रेम हो गया और अपनी सास की गैरमौजूदगी में वह अपने 11 साल के बच्चे को छोड़कर भाग आई। दोनों कोलकाता से हवाई जहाज से दिल्ली आए और फिर टैक्सी बुक कराकर रुद्रपुर पहुंचे थे। यहां दोनों एक होटल में रुके हुए थे।
बताया कि विवाहिता के पति का कोलकाता में बड़ा बिजनेस है। विवाहिता की फेसबुक आईडी खंगालने के बाद मिले नंबर के आधार पर कोलकाता पुलिस यहां पहुंची थी। इधर पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराकर प्रभारी सीजेएम सीमा डुंगराकोटी की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड के लिए आवेदन दिया है। कोर्ट की अनुमति के बाद कोलकाता पुलिस दोनों को लेकर रवाना हो गई। बरामदगी करने वालों में आदर्श कालोनी चौकी इंचार्ज एचएन जोशी, मैरी पीटर, कोलकाता पुलिस की एसआई वरना घोसाल, एसआई गौतम मंडल आदि थे।