बाजपुर। बारिश से उफनाई लेवड़ा नदी के कारण हल्द्वानी स्टेट हाईवे सहित कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। बाढ़ आने से बेरिया दौलत रोड स्थित लेवड़ा नदी के पुल में दरार आ गई है। चकरपुर स्थित पुल में मलबा फंसने से पानी निकासी नहीं हो पा रही है। गांव इट्व्वा में बारिश के दौरान एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से बच्चे सहित छह लोग चोटिल हो गए।
बृहस्पतिवार सुबह से लेवड़ा नदी के उफनाने से हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। लोगों को हल्द्वानी, कालाढूंगी, नैनीताल सहित अन्य पहाड़ क्षेत्र में जाने के लिए वाया रुद्रपुर, बन्नाखेड़ा होकर जाना पड़ा। दोपहर बाद जलभराव कम होने पर यातायात सुचारू हो सका। बाढ़ से नगर के मोहल्ला राजीवनगर, बांकेनगर, इंदिरा कॉलोनी, चकरपुर, मुंडिया पिस्तौर, आलापुर, मजरा प्रभु में दूसरे दिन भी जलभराव रहा। गांव इटव्वा में कच्चे मकान की दीवार धराशायी होने से अंदर सो रहे राजो कौर और उसके बच्चों सहित छह लोग चोटिल हो गए। गड़प्पू नाले में आई बाढ़ से गांव झारखंडी मार्ग भी दो स्थानों पर कटाव हो गया।
एसडीएम आरसी तिवारी, तहसीलदार अक्षय कुमार भट्ट ने राजस्व टीम के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण किया। तहसीलदार ने बताया कि राजस्व निरीक्षक सुनीति पाल के नेतृत्व में दो टीम गठित की है। दोनों टीमें सर्वेक्षण कर रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ितों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। लेवडा नदी पुल की सफाई कराने के लिए सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए हैं। संवाद
रातभर अंधेरे में डूबा रहा आधा शहर
बाजपुर। लेवड़ा नदी में आई बाढ़ का पानी मंडी समिति परिसर स्थित बिजली घर में घुसने के कारण रातभर शहर के आधा हिस्सा में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। करीब 28 घंटे बाद बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे आपूर्ति सुचारू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। उर्जा निगम के ईई विवेक कांडपाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश से खराब हुए ट्रांसफार्मरों को ठीक कर आपूर्ति सुचारू की जा चुकी है।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज प्रांगण हुआ जलमग्न
केलाखेड़ा। बारिश और लेवड़ा नदी के उफनाने से गांव बिचपुरी स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के प्रांगण में जलभराव हो गया। बारिश के चलते विद्यालय पहुंचे छात्रों को सुरक्षा की दृष्टि से विद्यालय प्रबंधन ने बुधवार और बृहस्पतिवार को वापस भेज दिया। जलभराव के कारण विद्यालय परिसर से होकर गुजरने वाली विद्युत हाई टेंशन लाइन से भी छात्रों के साथ अनहोनी का भी खतरा बना हुआ है। बृहस्पतिवार को विद्यालय प्रांगण में जलभराव होने के कारण शिक्षकों ने विद्यालय के पिछले हिस्से की दीवार फांद कर विद्यालय में प्रवेश किया। बीईओ बीएन पांडे ने बताया कि भारी बारिश से प्रांगण में हुए जलभराव की स्थिति को देखते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के बाद बुधवार और बृहस्पतिवार को छात्रों को सुरक्षा की दृष्टि से घर भेज दिया । उन्होंने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर 15 दिन पूर्व मुख्य शिक्षा अधिकारी को मीटिंग में अवगत कराया गया है।