काशीपुर के सूर्या बार्डर पर लोगों के सैंपल लेते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : KASHIPUR
रुद्रपुर/काशीपुर। जिले में कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए अधिकांश लोग सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। रविवार को भी सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर 3,468 लोगों ने टीका लगवाया। वहीं, जबकि निजी अस्पतालों में सिर्फ 53 लोगों ने ही टीका लगवाया।
कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि जिलेभर में कोरोना की जांच के लिए कुल 1509 आरटीपीसीआर के सैंपल लिए गए। इनमें रामपुर सीमा पर 250 सैंपल लिए गए। वहीं, शाम तक 16 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी थी।
उधर, काशीपुर में काशीपुर में एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय के साथ ही स्वास्थ्य केंद्र नारायणनगर, ढकिया, होटल जमाटो और छोटा गुरुद्वारा में टीकाकरण केंद्र बनाए गए है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. पीके सिन्हा ने बताया कि रविवार को सभी केंद्रों पर कुल 656 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इनमें से 591 लोगों को पहली और 65 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई।
इधर, कोरोना को लेकर जारी गाइडलाइन के अनुसार रविवार को भी काशीपुर से लगे सूर्या और अलीगंज बार्डर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाहरी प्रदेशों/जिलों से आने वाले 270 लोगों के सैंपल लिए।
इस दौरान पुलिस ने बगैर मास्क घूम रहे लोगों के चालान भी काटे। इधर जसपुर में भी पुलिस ने बगैर मास्क पहने घूम रहे लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। कोतवाल जेएस देउपा ने बताया कि अभियान लगातार चलता रहेगा।
रुद्रपुर के अग्रवाल धर्मशाला में टीका लगवाते व्यापारी नेता राजेश बंसल।- फोटो : RUDRAPUR