रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप स्थित सुभाष पार्क में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में मौजूद लौग।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय सम्मेलन में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी। उन्होंने एक स्वर में सरकार से परशुराम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की। इसके साथ ही शहर के किसी एक स्थान पर भव्य परशुराम चौक बनाने की मांग दोहराई।
रविवार को ट्रांजिट कैंप स्थित सुभाष पार्क में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी ने कहा कि ब्राह्मणों के आत्मसम्मान पर चोट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ब्राह्मणों की एकजुटता पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बाह्मण समाज की बुद्धिमत्ता और जीवटता के कारण ही विपरीत परिस्थितियों में भी सनातन संस्कृति का कोई बाल बांका नहीं कर सका है। ब्राह्मणों की मांग पर विधायक ने कहा कि आने वाले समय में भगवान परशुराम का चौक और उनकी भव्य मूर्ति को स्थापित किया जाएगा।
पंडित विशाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में दूसरी जातियों के पर्वों पर सार्वजनिक अवकाश घोषित होता है लेकिन 22 लाख ब्राह्मण आबादी वाले प्रदेश में परशुराम जयंती पर अवकाश नहीं दिया जाता। ब्राह्मणों की आवाज को दबाने की कोशिश की जाती है। कहा कि शहर में हर जगह हर जाति के चौक बने हुए हैं ऐसे में ब्राह्मण समाज मांग करता है कि शहर में परशुराम चौक स्थापित होना चाहिए।
कार्यक्त्रस्म के दौरान अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी ने नागेश त्रिपाठी को राष्ट्रीय संगठन मंत्री मनोनीत करते हुए उन्हें मनोनयन पत्र सौंपा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एफसीआई निदेशक दिनेश दूब, पूर्व महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. अमिता उप्रेती, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र चंद्र शर्मा, डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुरेश शर्मा आचार्य गेंदालाल, संजय चतुर्वेदी, संजय शर्मा, अरविंद शर्मा, जितेंद्र दुबे, राहुल भारद्वाज आदि थे।