काशीपुर। बाजपुर रोड पर निर्माणाधीन आरओबी का रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर का हिस्से का निर्माण कार्य रेलवे की तकनीकी टीम निरीक्षण के कारण करीब तीन महीने से रुका है। इस कारण शहरवासियों को आरओबी का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
रेलवे की टीम को मंगलवार को बाजपुर रोड स्थित निर्माणाधीन आरओबी के रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर बनाए गए पुल का निरीक्षण करना था लेकिन किन्हीं कारणों से रेलवे टीम का निरीक्षण एक बार फिर टल गया। इस कारण अब आरओबी के शुरू होने में कुछ महीने और लग सकते हैं। कार्यदायी ठेकेदार कंपनी ने रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर स्ट्रक्चर बनाकर स्टील गर्डर का काम पूरा कर दिया है। इसका बेयरिंग स्ट्रक्चर से करीब दो फीट ऊंचा बनाया गया है। इसके लिए रेलवे (ब्रिज) की तकनीकी टीम बेयरिंग और वेल्डिंग कार्य का निरीक्षण करेगी। टीम निरीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर आरडीएसओ की टीम निरीक्षण करेगी। इसके बाद ही कार्यदायी ठेकेदार कंपनी निर्माण कार्य शुरू करेगी।
कार्यदायी संस्था ने करीब दो महीने पहले एसडीएम और विधायक की मौजूदगी में 20 अगस्त तक काम पूरा करने का वायदा किया था लेकिन अब रेलवे की लेटलतीफी से शहरवासियों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। बाजपुर रोड पर नवंबर 2017 में शुरू हुआ आरओबी का निर्माण कार्य नवंबर 2019 तक पूरा होना था लेकिन कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण साढ़े पांच साल में काम पूरा नहीं हो सका है। एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि आरओबी का निरीक्षण करने के लिए रेलवे की टीम को मंगलवार को आना था लेकिन यह निरीक्षण अचानक रद्द हो गया। इस टीम के एक-दो दिन में निरीक्षण करने की उम्मीद है।