रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र के आजादनगर में शुक्रवार की देर रात जमकर अराजकता हुई। युवती से मिलने आए युवक की पिटाई के विरोध में युवकों ने घरों पर ईंट-पत्थर बरसा दिए। हमले में छह महिलाएं समेत 11 लोग जख्मी हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में कुछ युवक रात को युवतियों से मिलने के लिए अक्सर आते हैं। बीती शुक्रवार की देर रात को भी कुछ युवक युवतियों से मिलने आए। जब युवतियां घर जाने लगीं तो एक युवक उनके पीछे घर चला गया। वहां युवती के घरवालों से किसी बात पर उसका विवाद हो गया। युवक की स्थानीय लोगों ने पिटाई कर दी। इसके बाद युवक ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।
मौके पर पहुंचे छह-सात युवकों ने घरों पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। आरोप है कि घरों में घुसकर महिलाओं से मारपीट भी की गई। हमले में ईंट-पत्थर लगने से पूजा मंडल, सुंदरी मंडल, बसंती मंडल, रुचि मंडल, कमल मंडल, सुब्रतो मंडल, अनूप राय, विभुका मंडल, सुरेश मंडल, सपना राय और दीपाली मंडल घायल हो गए। इसमें कुछ लोगों ने अस्पताल पहुंचकर इलाज भी कराया।
इतना ही नहीं हमलावरों ने सड़क किनारे खड़े कमल मंडल के ई-रिक्शा और सपना राय की स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के विरोध में शनिवार को स्थानीय लोगों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि कोतवाल से मामले की जानकारी लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।