रुद्रपुर। शहरी क्षेत्र के प्रति व्यक्ति 135 लीटर शुद्ध जल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की कार्ययोजना जिले में हांफ रही है। इसका कारण है जमीन की अनुपलब्धता। इसमें बाजपुर में चीनी मिल व मंडी परिषद ने जमीन पेयजल निगम को देने से इंकार कर दिया है, वहीं गदरपुर में जमीन ही नहीं मिल रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल के बाद अब शहरी लोगों को शुद्ध पानी मुहैया कराने की कवायद शुरू की गई है। इसके तहत नए ओवरहेड टैंक, नई पाइप लाइन, मोटर पंप आदि लगाए जाने थे। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में प्रति व्यक्ति 55 लीटर तो शहरी क्षेत्र में प्रति व्यक्ति 135 लीटर पानी की आवश्यकता का मानक तय किया गया है। शहरों की पुरानी पेयजल परियोजनाएं होने के चलते आमजन को किसी तरह लगभग मानक का आधा पानी ही मयस्सर हो पाता है। इस समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल पहुंचाया। गांव-गांव ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन बिछाकर घर-घर कनेक्शन दिए गए। गांवों को संतृप्त करने के बाद अब फोकस नगरों पर आ गया है। गदरपुर और बाजपुर में पेयजल परियोजना पर काम शुरू किया गया। दोनों नगरों में तीन-तीन जगह तलाशी गई पर कहीं उपलब्धता नहीं हो सकी।