काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित मारुति कार के शोरूम से अज्ञात चोर लाखों रुपये के स्पेयर पार्ट्स चोरी कर ले गए। कार शोरूम के अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आकांक्षा ऑटोमोबाइल शोरूम के तजिन्दर सिंह ने बताया कि आठ फरवरी की रात करीब 11:30 बजे चोरों ने स्पेयर पार्ट्स रूम का ताला तोड़कर चोरी की जिनकी कीमत करीब चार लाख रुपये हैं। तजिन्दर सिंह ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस को सौंपी है। आईटीआई थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है और आरोपियों की तलाश में टीमे दबिश दे रही हैं।
बीती तीन फरवरी को भी आईटीआई थाना क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय के आवासीय परिसर में तीन अध्यापकों के घरों से लाखों की चोरी हुई थी। इन घटनाओं का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई। एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि पुलिस जल्द ही चोरों को पकड़कर घटना का खुलासा करेगी।