रुद्रपुर में अटरिया मेले में हुए विवाद में एक युवक को चाकू से वारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आनन फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
बृहस्पतिवार की रात अटरिया मेेले में जगतपुरा निवासी नंदू कोली (35) घूमने आया था। मेले से लौटते समय उसकी पहचान के ही रंपुरा निवासी कुछ लड़कों ने उस पर टिप्पणी कर दी। जिसको लेकर उनके बीच तकरार हो गई। आरोपियों ने नंदू की पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि एक युवक ने चाकू से नंदू के पेट पर कई वार कर दिए। जिसमें नंदू की आंतें बाहर निकल आई और वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। लोगाें ने नंदू को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
ये पढ़ें- Rudrapur Crime: नशे का कारोबार करने वालों की खैर नहीं, पुलिस ने चलाया अभियान, स्मैक के साथ एक गिरफ्तार
इधर, घायल युवक की मां कमला देवी की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों पर केस दर्ज किया है। कमला देवी के अनुसार मेले में सतपाल के लड़के, उसका दोस्त अन्ना और तीन अज्ञात लोगों ने उसके पुत्र पर चाकुओं व धारदार हथियार से हमला किया है। एसएचओ पंतनगर आरएस डांगी ने बताया कि मामले में केस दर्ज किया गया है। वहीं एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि गुंडागर्दी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।