जसपुर में पत्रकार वार्ता करते किसान नेता।
- फोटो : KASHIPUR
जसपुर। कृषि कानूनों और किसान आंदोलन के समर्थन में राष्ट्रीय सिख संगठन की ओर से निकाला गया किसान मजदूर जागृति ट्रैक्टर मार्च सोमवार को धरमपुर बार्डर से जसपुर पहुंचेगा। छह मार्च को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मार्च को मुजफ्फरनगर यूपी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
भाकियू के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता ने रविवार को सुभाष चौक के निकट आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा की कृषि कानूनों के विरोध और किसान आंदोलन के समर्थन में किसानों, मजदूरों को जागृत करने के लिए राष्ट्रीय सिख संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जसवीर सिंह के नेतृत्व में मार्च निकाला जा रहा है। 27 मार्च को गाजीपुर सीमा पर इसका समापन होगा।
यह दल सोमवार को अफजलगढ़ यूपी से चलकर दोपहर 12 बजे धरमपुर सीमा पर पहुंचेगा। जहां से विधानसभा क्षेत्र के किसान मार्च को जसपुर लाएंगे। धरमपुर सीमा, कालियावाला मोड़ और कुंडा में किसान नेता जनसभा कर किसानों और मजदूरों को संबोधित करेंगे। किसान मजदूर जागृति ट्रैक्टर मार्च के नेता रात को काशीपुर विश्राम कर मंगलवार से आगे की यात्रा शुरू करेंगे।
उन्होंने क्षेत्र के किसानों और मजदूरों से मार्च संग चल रहे किसान नेताओं के स्वागत के लिए धरमपुर पहुंचने की अपील की है। वहां पर मुख्त्यार सिंह, इंद्रपाल सिंह, दीदार सिंह, रणवीर सिंह, किशन सिंह, जागीर सिंह, दर्शन सिंह, शीतल बड़वाल, संदीप कुमार आदि थे।