कई अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस, पूछताछ के लिए युवकों को उठाया
जसपुर। विधायक के भतीजे का अपहरण कर ले जा रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाश भतीजे को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने कई युवकों को पूछताछ के लिए उठाया है। पीड़ित ने कई अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के लिए अपहरण करने का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
ग्राम निवारमंडी निवासी विधायक के भतीजे अंशु चौहान ने बताया कि शुक्रवार रात वह गांव में पृथ्वीराज चौक पर खड़ा था, तभी हूटर बजाती कार गांव में घुस गई। उसने कार को रोक कर हूटर बजाने और गांव में इस तरह घुसने की वजह जाननी चाही। उसमें बैठे बदमाशों ने उसे इशारे से अपने पास बुलाया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता कार सवार बदमाशों ने उसे कार के अंदर खींच लिया। वह आधा कार के बाहर लटका हुआ था। बदमाशों ने कार तेज कर दी और जान से मारने की धमकी देकर गालियां देने लगे।
पीड़ित ने बताया कि घटना को गांव के कई लोगों ने देखा उसके शोर मचाने पर उन्होंने बाइक से कार का पीछा करके बदमाशों को कुछ दूरी पर घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाश उसे गांव के बाहर कार से धक्का देकर छोड़ गए और हाईवे की तरफ से फरार हो गए। प्रभारी कोतवाल जावेद मलिक ने बताया कि घटना की जांच की जा रही। कुछ युवकों को पूछताछ के लिए उठाया है। प्रथम दृष्टया मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के लिए अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।