काशीपुर। नगर निगम की ओर से 2020 में शुरू की गई कई महत्वाकांक्षी योजनाओं के अगले साल 2021 में पूरा होने के आसार हैं। इन योजनाओं के तहत काशीपुर को एनीमल बर्थ कंट्रोल और गो संरक्षण केंद्र की सौगात मिलेगी।
मेयर ऊषा चौधरी ने बताया कि 62 लाख 44 हजार की लागत से राजकीय पशु चिकित्सालय परिसर में एबीसी (एनीमल बर्थ कंट्रोल) का निर्माण शुरू कर दिया गया है। 32 लाख 42 हजार की लागत से ढेला नदी के किनारे गो संरक्षण केंद्र बनाने के लिए भूमि का चयन भी कर लिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। लक्ष्मीपुर माइनर को भूमिगत करने के लिए भी 21 करोड़ का बजट मंजूर हो गया है। निर्माण के लिए आईटीआई रुड़की इसके लिए डीपीआर तैयार कर रही है। अमृत योजना के तहत एक करोड़ 51 लाख रुपये से शहर में छह पार्कों का निर्माण शुरू कर दिया गया है। राज्य वित्त में सात करोड़ 51 लाख की लागत से 159 निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। 14वें वित्त में चार करोड़ 95 लाख की लागत से 108 निर्माण कार्य पूरे हो चुुके हैं। (संवाद)